आज 3 लोगों की जान गई; झारखंड में 75 साल के बुजुर्ग, जम्मू-कश्मीर में 69 साल की महिला और पंजाब में 55 साल के व्यक्ति ने दम तोड़ा

कोरोना संकमण से देश में मौतों का ग्राफ तेजी से बढ़ रहा है। गुरुवार को दो लोगों की मौत हुई। जम्मू में 69 साल महिला की जान चली गई। स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक, वह उधमपुर जिले की रहने वाली थी। उसे सीने में दर्द और सांस लेने की शिकायत थी। वहीं, पंजाब में 55 साल के व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। इस मरीज को डायबिटीज और हाइपरटेंशन की भी शिकायत थी। उधर, झारखंड में आज कोरोना से पहली मौत दर्ज की गई। बोकारो के साडम में 75 साल के मरीज की जान चली गई। प्रशासन बुजुर्ग की ट्रैवल हिस्ट्री पता करने की कोशिश कर रही है।


बुधवार को देश में 27 संक्रमितों की मौत हुई थी। अलग-अलग राज्य सरकारों की ओर से जारी इन आंकड़ों के साथ देश में मरने वालों की संख्या 201 हो गई है। हालांकि, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने 149 मौतों की पुष्टि की है।


बुधवार को सबसे ज्यादा मौतें महाराष्ट्र में हुई थीं 



  • बुधवार को महाराष्ट्र में 16 मरीजों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इनमें 10 लोग पुणे से थे। अब तक प्रदेश में 80 लोगों की मौत हो चुकी है।

  • तमिलनाडु में 3 मरीजों की मौत हुई। वहीं, उत्तर प्रदेश के आगरा और कर्नाटक के कलबुर्गी में भी एक-एक मौत हुई।

  • मध्यप्रदेश में 6 मरीजों ने दम तोड़ा। सभी इंदौर से थे। शहर में मरने की संख्या 21 हो गई है। वहीं, राज्य में इस बीमारी से अब तक 27 लोग मारे जा चुके हैं।